गरमपानी: नैनीताल जिले के बेतालघाट ब्लॉक में गुरुवार को मॉकड्रिल के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग स्थित काली पहाड़ी के पास आयोजित राहत एवं बचाव मॉकड्रिल को देखने जा रहा 17 वर्षीय किशोर कोसी नदी पार करते समय तेज बहाव में बह गया। मौके पर मौजूद एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन काफी मशक्कत के बाद निकाले गए किशोर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सिमलखा गांव निवासी 17 वर्षीय विशाल सिंह पुत्र आनंद सिंह गुरुवार को काली पहाड़ी के पास आयोजित मॉकड्रिल देखने के लिए घर से निकला था। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए उसे कोसी नदी पार करनी थी। नदी पार करते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगा।
घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। मौके पर मॉकड्रिल में तैनात एसडीआरएफ के जवान तुरंत हरकत में आए और किशोर को बचाने के लिए नदी में रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। काफी प्रयासों के बाद टीम ने लगभग 800 मीटर नीचे नदी से विशाल को बाहर निकाला।
रेस्क्यू के तुरंत बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
गुरुवार को काली पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और अन्य विभागों की संयुक्त टीम आपदा राहत एवं बचाव मॉकड्रिल में जुटी हुई थी। घायलों के उपचार के लिए राहत शिविर और प्राथमिक चिकित्सा केंद्र भी स्थापित किया गया था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
