रुद्रपुर: ऊधमसिंह नगर जिले के बगवाड़ा क्षेत्र स्थित ग्रीन व्यू कॉलोनी में 31वीं वाहिनी पीएसी के जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पीएसी वाहिनी में भी शोक की लहर है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 36 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह रावत पुत्र लाल सिंह के रूप में हुई है। वह 31वीं वाहिनी पीएसी में तैनात थे और परिवार के साथ ग्रीन व्यू कॉलोनी में रहते थे।
जानकारी के अनुसार, ड्यूटी पूरी कर घर लौटने के बाद उन्हें बिजली आपूर्ति में तकनीकी खराबी की जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि फॉल्ट ठीक करने के लिए वह बिजली के पोल पर चढ़ गए। इसी दौरान उन्हें करंट लग गया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पोल से नीचे गिर पड़े।
पोल से गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद आसपास के लोग और परिजन उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिंगवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने और पोल से गिरने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धर्मेंद्र सिंह रावत के असामयिक निधन से परिवार गहरे सदमे में है। वहीं 31वीं वाहिनी पीएसी के अधिकारियों और जवानों ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार साथी बताया।
