हल्द्वानी: शहर के वैलेजली और राजपुरा क्षेत्र के किशोरों के दो गुटों के बीच हुए विवाद में अब दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दो नामजद किशोरों समेत 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, ईंट से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ठंडी सड़क क्षेत्र में किशोरों के दो गुटों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। इस मामले में पहले वैलेजली निवासी पक्ष की ओर से शनिवार को मुकदमा दर्ज कराया गया था। अब दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को तहरीर देकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है।
राजपुरा के राजेंद्रनगर वार्ड-12 निवासी आयुष चरण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना से तीन दिन पहले उसके दोस्त आदी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो कॉल कर कुछ युवकों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी दी। कॉल करने वाली आईडी पर ‘सुहेल’ नाम दिखाई दे रहा था। आयुष का दावा है कि वीडियो कॉल के दौरान उसने दो किशोरों की पहचान भी की।
शिकायत के अनुसार, 17 जुलाई की दोपहर वह अपने भाई से मिलने नैनीताल रोड स्थित दुर्गा सिटी गया था। वहां से दोस्तों के साथ आवास विकास की ओर लौटते समय सौरभ होटल के पास पान की दुकान के सामने कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि पहले गाली-गलौज की गई और फिर उनके अन्य साथियों ने ईंट से हमला कर उसे घायल कर दिया।
आयुष ने बताया कि घायल होने के बाद उसे पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेस अस्पताल रेफर किया गया। उसका आरोप है कि बेस अस्पताल पहुंचने पर भी हमलावर वहां आ गए और दोबारा विवाद करने लगे।
गौरतलब है कि इससे पहले दर्ज कराई गई शिकायत में वैलेजली पक्ष ने दो नामजद सहित 33 अज्ञात लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया था। अब दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने क्रॉस FIR दर्ज कर ली है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच हल्द्वानी कोतवाली पुलिस कर रही है। जिस स्थान पर विवाद हुआ, वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।
