नैनीताल: जिले के ज्योलिकोट क्षेत्र में पीलिया (जॉन्डिस) का प्रकोप लगातार गंभीर होता जा रहा है। जल संस्थान की ओर से पानी का क्लोरीनेशन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार स्वास्थ्य शिविर लगाए जाने के बावजूद क्षेत्र से दो मौतों की दुखद खबर सामने आई है। पीलिया से संक्रमित एक इंटर के छात्र और एक विवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों मौतों के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सरियाताल निवासी 16 वर्षीय रितेश जीना, पुत्र उमेश्वर जीना, को 18 अगस्त को पीलिया की शिकायत के बाद उपचार के लिए हल्द्वानी ले जाया गया था। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें दिल्ली ले गए, जहां राम मनोहर लोहिया अस्पताल में बीती रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
रितेश इंटर का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता उद्यान विभाग में उपनल के माध्यम से माली के पद पर कार्यरत हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
दूसरी दुखद घटना ज्योलिकोट निवासी 26 वर्षीय नीमा जोशी, पत्नी नीरज जोशी के साथ हुई। परिजनों के अनुसार, पीलिया और लीवर इंफेक्शन की शिकायत के बाद उन्हें उपचार के लिए बरेली के राममूर्ति अस्पताल ले जाया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
नीमा अपने पीछे पति और चार व डेढ़ साल की दो मासूम बेटियों को छोड़ गई हैं। बताया जा रहा है कि नीमा के परिवार के पांच अन्य सदस्य भी पीलिया से संक्रमित हैं।
दोनों मृतकों के शव गांव लाए जा रहे हैं। मौतों की खबर के बाद ज्योलिकोट और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
क्षेत्र में लगातार पीलिया और अन्य जलजनित बीमारियों के मामले सामने आने के बीच ग्रामीणों ने दूषित पेयजल आपूर्ति को इसके लिए जिम्मेदार बताया है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की गुणवत्ता में सुधार नहीं होने के कारण बीमारी का खतरा बना हुआ है।
वहीं, जल संस्थान की ओर से पानी का क्लोरीनेशन किए जाने और स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बावजूद दो मरीजों की मौत के बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से पेयजल की गुणवत्ता की जांच और सुधार के साथ प्रभावित परिवारों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
क्षेत्र में बीमारी के बढ़ते मामलों के बीच अब प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्रवाई पर लोगों की नजर है।

