नैनीताल: सरोवर नगरी में 16 से 23 सितंबर तक आयोजित होने वाले 124वें नंदा देवी महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मेले को भव्य, व्यवस्थित और उत्तराखंड की लोक संस्कृति के अनुरूप आयोजित करने के लिए बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विधायक सरिता आर्या, श्री राम सेवा समिति, मंदिर समिति, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि नंदा देवी मेला जनपद की आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख पर्व है। इसलिए मेले के दौरान आयोजित सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थानीय लोक परंपरा पर आधारित होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड के लोक कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि प्रदेश की संस्कृति और परंपरा को बेहतर ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि मेले में स्थानीय उत्पादों को भी विशेष स्थान दिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी की देखरेख में स्टॉल आवंटित किए जाएंगे, जहां हाउस ऑफ हिमालया, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों के उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री होगी।
जिलाधिकारी ने मेले को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश दिए। नगर पालिका को पूरे शहर में विशेष साफ-सफाई, ठंडी सड़क सहित प्रमुख स्थानों पर आकर्षक विद्युत सजावट और आवश्यक स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही पंडाल, मंच और स्टॉल निर्माण के लिए समय पर पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया।
बैठक में डोला यात्रा मार्ग की मरम्मत, लोअर मॉल रोड को सुचारू करने, डीएसए मैदान में जलभराव रोकने, कंक्रीट बिछाने, पेयजल व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, स्वास्थ्य शिविर, आयुष्मान कार्ड बनाने, झूलते बिजली के तारों को दुरुस्त करने और मार्गों पर पेड़ों की लॉपिंग जैसे कार्य समय से पूरे करने के निर्देश भी दिए गए।
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को पार्किंग और अतिरिक्त रोडवेज बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मुख्य मेला दिवस पर नैनीताल नगर की सभी ठेका शराब की दुकानें बंद रहेंगी। सूचना, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग को प्रतिदिन होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा समय पर तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, एडीएम सौरभ असवाल, एसपी ट्रैफिक जगदीश चंद्र, एसडीएम नवाजिश खालिक, सीओ रविकांत सेमवाल, श्री राम सेवा समिति, होटल एसोसिएशन, व्यापार मंडल तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
