नैनीताल: शहर के माल रोड स्थित जिला पंचायत कार्यालय के आसपास लंबे समय से हो रही रहस्यमयी पत्थरबाजी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों और राहगीरों की चिंता बढ़ा दी है। लगभग रोजाना रात के समय अज्ञात लोग ऊपर से पत्थर फेंक रहे हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। कई बार शिकायत और पुलिस जांच के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण भी किया, लेकिन पत्थर फेंकने वालों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया। इस दौरान तीन लोग पत्थर लगने से घायल भी हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रवासियों ने आयुक्त दीपक रावत को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। आयुक्त के निर्देश पर बीती रात पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र और कोतवाल हरपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर घटनाओं की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में हाईमास्ट एलईडी लाइटें और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही, पत्थरबाजी करने वालों के छिपने की आशंका वाले स्थानों की झाड़ियों की कटाई भी कराई जाएगी, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
पुलिस का कहना है कि तकनीकी निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्र में नियमित गश्त भी तेज की जाएगी। रात के समय विशेष पुलिस टीम संवेदनशील स्थानों पर नजर रखेगी, ताकि ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन और पुलिस द्वारा उठाए जा रहे इन कदमों से रहस्यमयी पत्थरबाजी की घटनाओं पर रोक लगेगी और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
