नैनीताल। भीमताल से नौकुचियाताल मार्ग पर जल्द ही डामरीकरण और सुधारीकरण का कार्य शुरू होने जा रहा है। इसके लिए शासन ने दो करोड़ 45 लाख की धनराशि स्वीकृत कर शासनादेश जारी कर दिया है। यह जानकारी क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा द्वारा दी गई है।
उन्होंने बताया कि लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण स्थानीय ग्रामीण और पर्यटकों को आवागमन में भारी समस्याओं को करना पड़ रहा था । विशेष कर बरसात के दौरान सड़क की हालत और अधिक खराब हो जाने से लोगों की परेशानी बढ़ जाती थी। ग्रामीणों की मांग पर लोक निर्माण विभाग पीडब्ल्यूडी से डामरीकरण और सुधारीकरण की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी गई थी।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि अब परियोजना को शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बरसात समाप्त होते ही सड़क पर डामरीकरण और सुधारीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गो के सुधार और डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।
