चमोली। बद्रीनाथ धाम मंदिर के चर्चित चढ़ावा चोरी मामले की जांच में जुटी विशेष जांच टीम एसआईटी ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल की पुलिस रिमांड मिलने के बाद एसआईटी उसे लेकर देहरादून पहुंची और उसके सरकारी आवास की करीब 3 घंटे तक तलाशी ली। इस दौरान टीम ने बैंक खातों, जमीन जायदाद और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच की, साथ ही आरोपी के परिजनों से पूछताछ कर उसकी चल अचल संपत्ति और बैंक लेनदेन से जुड़ी जानकारी जुटाई।
बद्रीनाथ धाम थाना प्रभारी महादेव उनियाल ने बताया कि प्रारंभिक तलाशी में कोई बड़ी आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है। लेकिन बरामद दस्तावेजों की जांच विस्तार से की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस बीच एसआईटी की पूछताछ में बद्रीनाथ स्थित सरकारी कमरे की तलाशी के दौरान चांदी के सिक्के, चांदी का नाग, चांदी की एक मूर्ति, नेपाली मुद्रा की 50-50 रुपए मूल्य वर्ग की दो गड्डिया और करीब पांच हजार रुपए भारतीय नकदी मिलने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसी इन वस्तुओं के स्रोत और चोरी के मामले से उनके संभावित संबंध की भी पड़ताल कर रही है। गुरुवार को एसआईटी आरोपी को बद्री केदार समिति कार्यालय भी लेकर पहुंची जहां उसे वित्तीय रिकॉर्ड अभिलेख और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर पूछताछ की गई । जांच टीम पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।
न्यायालय से एसआईटी के आरोपी की चार दिन की पुलिस रिमांड मिली है। लगातार पूछताछ की जा रही है और दस्तावेजी व तकनीकी साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है। पुलिस का कहना है की जांच पूरी होने के बाद ही मामले में अंतिम निष्कर्ष सामने आएंगे।
