नैनीताल: शहर की मॉल रोड को नो हॉर्न जोन घोषित किए जाने के दो दिन बाद ही इस फैसले का विरोध शुरू हो गया है। नैनीताल विधायक सरिता आर्या ने सोमवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से मुलाकात कर हॉर्न प्रतिबंध के आदेश पर पुनर्विचार करने और इसे वापस लेने की मांग की।
विधायक सरिता आर्या कार्यकर्ताओं के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि लोअर मॉल रोड पर रोकथाम और मरम्मत कार्य चलने के कारण फिलहाल पूरा यातायात अपर मॉल रोड से संचालित हो रहा है। इससे इस मार्ग पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है।
विधायक ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग मोबाइल फोन पर बात करते हुए या ईयरफोन लगाकर सड़क पर चलते हैं। ऐसे में यदि वाहन चालकों को हॉर्न बजाने की अनुमति नहीं होगी तो दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है। उन्होंने प्रशासन से जनहित और यातायात सुरक्षा को देखते हुए आदेश पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।
इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया, मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, भारत मेहरा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
