देहरादून: उत्तराखंड में बुधवार को मौसम का मिजाज बेहद खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून और बागेश्वर जिलों के लिए बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन दोनों जिलों में कहीं-कहीं वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ने की भी संभावना जताई गई है। खराब मौसम को देखते हुए दोनों जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट ।
विभाग का कहना है कि 10 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान भूस्खलन, नदी-नालों के उफान और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेशवासियों और चारधाम यात्रियों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही SDRF, NDRF और सभी जिला प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग अनावश्यक यात्रा से बचें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही सफर करें। नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों और पर्यटकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
