IMAGE- SOCIAL MEDIA
नैनीताल: तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अंतर्गत आमपोखरा रेंज में देर रात शिकार के इरादे से जंगल में घुसे एक युवक को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 12 बोर की देशी बंदूक, तीन जिंदा कारतूस, एक खाली कारतूस और एक चार्जर टॉर्च बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, आमपोखरा रेंज के उत्तरी आमपोखरा बीट के प्लाट संख्या-32 में वन कर्मी नियमित रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान रात करीब एक बजे जंगल से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही वन कर्मी सतर्क हो गए और तत्काल इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
काफी तलाश के बाद वन विभाग की टीम ने एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान मनीष (20) पुत्र बीरू चंद्र, निवासी कुंभगडार चंद्रनगर, मालधनचौड़ के रूप में बताई।
वन विभाग के अनुसार आरोपी के पास से 12 बोर की देशी बंदूक, तीन जिंदा कारतूस, एक खाली कारतूस और एक चार्जर टॉर्च बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह शिकार के उद्देश्य से जंगल में घुसा था। गिरफ्तारी के समय आरोपी शराब के नशे में भी था।
आमपोखरा रेंज के रेंजर पूरन सिंह खनायत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अनाधिकृत रूप से जंगल में प्रवेश करने और शिकार के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बुधवार सुबह आरोपी का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हल्द्वानी कारागार भेज दिया।
वन विभाग ने घटना के बाद जंगल में कॉम्बिंग अभियान भी चलाया, लेकिन किसी भी वन्यजीव के घायल होने के साक्ष्य नहीं मिले। विभाग का कहना है कि मामले की जांच जारी है और शिकार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
