देहरादून: मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने गुरुवार को उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है, जबकि कुछ जिलों में अत्यधिक बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर आने की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और बरसाती गधेरों के आसपास जाने से बचने, पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से परहेज करने की अपील की है।
विभाग ने जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। प्रशासन ने नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।
