काशीपुर: पेंट कारोबारी को कथित हनीट्रैप में फंसाकर अश्लील वीडियो बनाने, तमंचा दिखाकर धमकाने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी की तहरीर पर काशीपुर कोतवाली पुलिस ने दो महिलाओं और दो पुरुषों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में बिजनौर जिले के रेहड़ थाना क्षेत्र निवासी पेंट दुकान संचालक ने बताया कि 16 जून को पिंकी उर्फ परमजीत कौर अपने साथियों के साथ उसकी दुकान पर पहुंची थी। आरोप है कि पेंट खरीदने के बहाने उसने कारोबारी का मोबाइल नंबर लिया और बातचीत शुरू कर दी।
इसके बाद कारोबारी को एक अन्य महिला रविंदर कौर के माध्यम से 22 जून को कुंडेश्वरी बुलाया गया।
कारोबारी का आरोप है कि कुंडेश्वरी पहुंचने के बाद उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया। इसके बाद वह बेहोश हो गया। होश आने पर उसने खुद को निर्वस्त्र पाया और आरोपियों ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया।
पीड़ित के अनुसार, इसी दौरान दो पुरुष और एक महिला वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि एक व्यक्ति ने उसकी कनपटी पर तमंचा लगाकर वीडियो वायरल करने की धमकी दी और 10 लाख रुपये की मांग की।
कारोबारी ने पुलिस को बताया कि वीडियो वायरल होने के डर से उसने ऑनलाइन चार बार 25-25 हजार रुपये दिए। इसके बाद 23 जून को कुंडा मोड़ के पास आरोपियों को चार लाख रुपये और दिए।
पीड़ित का आरोप है कि कुल पांच लाख रुपये देने के बावजूद आरोपी लगातार फोन कर उससे और रकम की मांग करते रहे। कारोबारी ने पुलिस को रुपये के लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत, ऑडियो रिकॉर्डिंग और लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों की पड़ताल कर रही है।
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच के साथ ही उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक और वित्तीय साक्ष्यों को भी देखा जा रहा है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
