नैनीताल: स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे ने नैनीताल स्थित बीडी पांडे अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं, चिकित्सकों की उपलब्धता और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि राज्य में चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अगले तीन से चार महीनों में डॉक्टरों की उपलब्धता में काफी सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में डॉक्टरों के कुल 2909 पद स्वीकृत हैं, जबकि वर्तमान में करीब 2500 चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मेडिकल बोर्ड के माध्यम से हाल ही में प्रदेश को 252 नए डॉक्टर मिले हैं। इनमें चिकित्सा अधिकारी और विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं। इनमें से करीब 200 डॉक्टर अब तक कार्यभार ग्रहण कर चुके हैं। नई नियुक्तियों के बाद प्रदेश में डॉक्टरों के खाली पदों की संख्या घटकर करीब 400 से 450 रह गई है।
चिकित्सा महाविद्यालयों में सहायक प्राध्यापकों की कमी दूर करने के लिए भी 422 डॉक्टरों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा जरूरत के अनुसार बाहरी माध्यम से चिकित्सकों की नियुक्ति भी की जा रही है। स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि 60 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त होने वाले डॉक्टरों को भी पांच साल तक चिकित्सकीय सेवाएं देने की अनुमति दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने की रणनीति तैयार की गई है। सरकार का प्रयास है कि सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में डॉक्टर उपलब्ध हों और मरीजों को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े।
स्वास्थ्य सचिव ने अस्पतालों की स्थानीय स्तर पर निगरानी को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों और जिला स्तर पर गठित समितियों को अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि अस्पतालों से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर जिला स्तर पर ही किया जाना चाहिए।
वहीं, भवाली सेनेटोरियम अस्पताल समेत पुराने अस्पतालों से जुड़े मामलों पर स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि संबंधित स्थिति से न्यायालय को अवगत कराया जा चुका है। इन मामलों में जल्द आगे की प्रगति सामने आने की उम्मीद है।
