मुक्तेश्वर: रामगढ़ ब्लॉक के नथुवाखान में मंगलवार सुबह एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। दुर्घटना में कार सवार दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए मल्ला रामगढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, नथुवाखान क्षेत्र में मंगलवार सुबह ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव करते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
घायलों की पहचान कोमल आर्या (17) पुत्री दिनेश चंद्र निवासी नथुवाखान और राजेंद्र प्रसाद (45) पुत्र जगत राम निवासी नथुवाखान के रूप में हुई है।
दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्ला रामगढ़ ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. प्रदीप पांडे के अनुसार, कोमल आर्या के सिर में गहरी चोट आई है, जबकि राजेंद्र प्रसाद के पूरे शरीर में चोटें लगी हैं।
दोनों की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना के बाद स्थानीय स्तर पर राहत और बचाव कार्य किया गया। फिलहाल हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

