रामनगर: नैनीताल के रामनगर स्थित गर्जिया क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब आबादी से सटे कॉर्बेट पार्क के जंगल से निकलकर एक बाघ हाईवे किनारे पहुंच गया। बाघ ने दिनदहाड़े एक घोड़े पर हमला किया और उसे जंगल की ओर खींचकर ले गया। घटना के बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि घटना दोपहर करीब 1:30 बजे झूला पुल चौराहे के समीप हुई। यह स्थान पूर्व में बनाए गए गर्जिया पर्यटन जोन के गेट के पास नेशनल हाईवे-309 से सटा हुआ है। इसी दौरान जंगल की ओर से निकले बाघ ने हाईवे के नजदीक मौजूद घोड़े पर हमला कर दिया।
बाघ ने घोड़े को दबोचने के बाद उसे घसीटना शुरू कर दिया और देखते ही देखते जंगल की ओर ले गया। आसपास मौजूद लोगों ने बाघ को घोड़े को खींचकर ले जाते देखा। दिन के उजाले में आबादी और हाईवे के इतने करीब बाघ की मौजूदगी से लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जिस स्थान पर घटना हुई, वह झूला पुल चौराहे के पास होने के साथ ही आबादी से सटा हुआ है। यहां दिनभर स्थानीय लोगों के अलावा पर्यटकों और अन्य राहगीरों की आवाजाही रहती है। ऐसे में आबादी के बेहद करीब बाघ के पहुंचने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी। वन विभाग की टीमें बाघ की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं और उसकी संभावित लोकेशन को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।
रामनगर वन प्रभाग के रेंज अधिकारी कृष्णा सिंह मेहरा ने बताया कि क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने लोगों से जंगल और उसके आसपास के इलाकों में जाने से बचने की अपील की है। विशेष रूप से लोगों को झूला पुल की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
वन विभाग के अनुसार, बाघ की मौजूदगी को देखते हुए क्षेत्र में किसी भी तरह की लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है। टीमों को लगातार गश्त और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
दिनदहाड़े आबादी के पास बाघ द्वारा घोड़े का शिकार किए जाने की घटना से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बाघ की गतिविधियां सामने आ रही हैं, इसलिए वन विभाग को गश्त और निगरानी और बढ़ाने की जरूरत है।

