नैनीताल: श्री नंदा देवी महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में नैनीताल विधायक सरिता आर्या और श्री राम सेवक सभा के प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को श्री नंदा देवी महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम और पूजा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
श्री राम सेवक सभा के पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ने बताया कि संस्था की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सपत्नीक महोत्सव के उद्घाटन और पूजा कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया। इस दौरान महोत्सव के कार्यक्रम से संबंधित पोस्टर का विमोचन भी मुख्यमंत्री से कराया गया।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी से भी मुलाकात की और उन्हें नंदा देवी महोत्सव के धार्मिक आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
नैनीताल विधायक सरिता आर्या ने इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, नैनीताल के प्रभारी मंत्री खजान दास, कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल से मुलाकात कर उन्हें भी श्री नंदा देवी महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सभी अतिथियों से धार्मिक आयोजन में प्रतिभाग करने का आग्रह किया।
इस दौरान श्री राम सेवक सभा के सदस्य हरीश राणा और सभासद आनंद बिष्ट भी मौजूद रहे। संस्था की ओर से बताया गया कि महोत्सव को लेकर तैयारियां जारी हैं और आयोजन को लेकर विभिन्न स्तरों पर संपर्क किया जा रहा है।

