हल्द्वानी: जन्माष्टमी पर्व की रात हल्द्वानी-काठगोदाम मार्ग पर डंडे लहराते हुए युवकों का वीडियो वायरल होने के बाद नैनीताल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में कुछ युवक वाहनों में सवार होकर डंडे लहराते और सड़क पर अराजकता करते नजर आए थे। मामले का संज्ञान लेते हुए SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने युवकों और वाहनों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
SSP के निर्देश पर ASP/CO हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में काठगोदाम पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक जसवीर चौहान के नेतृत्व में चौकी प्रभारी दिलीप कुमार और पुलिस टीम ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों और वाहनों की पहचान की।
8 बालिग और 7 नाबालिग चिन्हित
पुलिस के मुताबिक कुल 15 युवकों की पहचान की गई, जिनमें 8 बालिग और 7 नाबालिग शामिल हैं। सभी को थाने लाकर पूछताछ की गई।
पुलिस ने आठ बालिग युवकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया। इसके साथ ही वायरल वीडियो में इस्तेमाल किए गए वाहनों को भी सीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार चिन्हित बालिग युवकों में दीप गोगोई, पारस सिंह, करन कुमार, हरि किशोर, कृष्णा सिंह, नितिन, मुकेश शर्मा और कमलेश सम्मल शामिल हैं।
पुलिस ने सात नाबालिगों के परिजनों को थाने बुलाया। नाबालिगों की काउंसलिंग की जा रही है, जबकि उनके परिजनों के खिलाफ भी पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया गया है।
पुलिस ने सभी युवकों और उनके परिजनों को भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा नहीं करने की सख्त हिदायत दी है।
SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि जिले में किसी भी तरह की अराजकता, सार्वजनिक स्थान पर भय का माहौल पैदा करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक और कड़ी कार्रवाई करेगी।
नैनीताल पुलिस की कार्रवाई के बाद अब सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो की निगरानी और सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पुलिस का रुख सख्त नजर आ रहा है।

