नैनीताल: हल्द्वानी क्षेत्र में लंबे समय से सड़क किनारे खड़े वाहनों से पेट्रोल-डीजल चोरी की घटनाओं से परेशान स्थानीय लोगों ने अब खुद निगरानी शुरू कर दी है। बुधवार देर रात लोगों ने पेट्रोल चोरी करने पहुंचे एक संदिग्ध युवक को घेरकर पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार पेट्रोल चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सीसीटीवी फुटेज में भी संदिग्ध युवकों की गतिविधियां दिखाई दीं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नैनीताल के सात नंबर क्षेत्र, शेरवानी स्थित स्कूल के पीछे के मार्ग समेत आसपास की सड़कों पर पिछले कई महीनों से खड़े वाहनों को निशाना बनाया जा रहा था। वाहनों से पेट्रोल-डीजल निकालने के साथ स्कूटी, बैटरी और अन्य सामान चोरी होने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। फुटेज की जांच में तड़के सुबह दो युवकों को बाइक से वाहनों का पेट्रोल निकालते हुए देखा गया।
इसके बाद लोगों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया।
क्षेत्रवासियों के मुताबिक, पेट्रोल चोरी की घटनाएं मल्लीताल रिक्शा स्टैंड से जिला परिषद होते हुए मॉल रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर भी सामने आती रही हैं। लगातार नुकसान से परेशान वाहन स्वामियों और स्थानीय निवासियों ने खुद निगरानी करने का फैसला लिया।
बुधवार रात स्थानीय लोग संदिग्ध बाइक और वाहनों पर नजर रखने के लिए एकजुट होकर घात लगाकर बैठ गए। देर रात सीसीटीवी में संदिग्ध युवकों की गतिविधियां दिखाई देने के बाद लोगों ने उनकी घेराबंदी कर दी।
बताया गया कि इस दौरान चार युवकों में से एक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी मौके से भागने में सफल रहे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी अपनी बाइक संख्या UK-04-AL-4318 और एक स्कूटी के साथ मौके पर पहुंचा था। तलाशी के दौरान उसके पास करीब पांच-पांच लीटर की कई बोतलें और जरिकेन मिले, जिनमें पेट्रोल भरा हुआ था। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक पेट्रोल चोरी करने के इरादे से वहां पहुंचा था।
पकड़े गए युवक को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अब मामले में पूछताछ कर रही है और फरार युवकों की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाने और लगातार सामने आ रही पेट्रोल-डीजल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

