नैनीताल: डीएसए फ्लैट्स मैदान में आयोजित तृतीय इंटर स्कूल बालिका टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। खिताबी मुकाबले में सैनिक स्कूल नैनीताल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल सेंट्स कॉलेज को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा। ऑल सेंट्स कॉलेज की टीम ने भी सैनिक स्कूल को कड़ी टक्कर दी, लेकिन सैनिक स्कूल की टीम ने निर्णायक बढ़त बनाते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। ऑल सेंट्स कॉलेज को उपविजेता ट्रॉफी से संतोष करना पड़ा।
प्रतियोगिता के समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में नैनीताल बैंक के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। नगरपालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। दोनों अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम की खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें आगे भी खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान डीएसए नैनीताल के महासचिव मनोज जोशी, प्रो. डीएस बिष्ट, डॉ. मनोज बिष्ट, प्रधानाचार्य विशन सिंह मेहता, खीमराज देउपा, पवन खदायत, शैलेंद्र बर्गली, भूपेंद्र बिष्ट और जलज वर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा सभासद भगवत रावत, लता दफौटी, सुरेंद्र कुमार, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य और शिक्षक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। मैदान में बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी और खेल प्रेमी भी मौजूद रहे।
दर्शकों और अतिथियों ने बालिका खिलाड़ियों के खेल कौशल और प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और नैनीताल का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।

