हल्द्वानी: रामपुर रोड पर बेलबाबा से आगे देर रात एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक सड़क से काफी नीचे झाड़ियों में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह राहगीरों ने झाड़ियों में बाइक पड़ी देखी तो पास में दो युवक अचेत हालत में मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही टीपी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार हादसा देर रात होने की आशंका है। बाइक सड़क से काफी दूर नीचे झाड़ियों में जाकर गिरी थी, जिसके चलते रात में किसी की नजर घटनास्थल पर नहीं पड़ी।
बाइक का नंबर UK 06 BN 8480 बताया गया है। टीपी नगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। बाइक के नंबर और अन्य माध्यमों से दोनों युवकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस युवकों के परिजनों की जानकारी जुटाकर हादसे की सूचना स्वजन तक पहुंचाने में लगी है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि बाइक किस वजह से अनियंत्रित हुई और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं।


