हल्द्वानी: तल्ली बमौरी-लालडांट क्षेत्र के शक्तिनगर फेज-1 में शनिवार रात दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते पत्थरबाजी में बदल गया। सड़क पर हुए हंगामे और चीख-पुकार से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में बने मजदूर क्वार्टरों में रहने वाले लोगों के बीच आए दिन विवाद, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। लोगों का कहना है कि शनिवार रात भी विवाद सड़क तक पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी हुई।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, प्रकाश पाटनी, विनोद शर्मा और नीता जोशी के प्लॉटों में कुल करीब 59 मजदूर क्वार्टर बने हुए हैं। लोगों का आरोप है कि इन क्वार्टरों में रहने वालों के बीच बार-बार होने वाले विवाद से कॉलोनी का माहौल प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने चाकूबाजी और मारपीट जैसी घटनाओं का भी आरोप लगाया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार होने वाले विवादों के कारण क्षेत्र में डर का माहौल है। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित हैं। लोगों के मुताबिक, विवाद बढ़ने के डर से महिलाएं और बच्चियां भी घर से बाहर निकलने में असहज महसूस करती हैं।
क्षेत्र में लगातार बिगड़ते माहौल से नाराज स्थानीय लोगों ने रविवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मजदूर क्वार्टरों से जुड़ी समस्याओं और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के बाद लोगों ने स्थानीय पार्षद चंदन मेहता को ज्ञापन सौंपा। इसमें क्षेत्र में बार-बार होने वाले विवादों पर प्रभावी कार्रवाई करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस को मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।



