नैनीताल: डीएसबी परिसर नैनीताल के छात्रसंघ चुनाव में इस बार एक मां की भूमिका भी चर्चा का विषय बनी हुई है। हल्द्वानी की पार्षद बीना चौहान ने अपने बेटे भानु प्रताप सिंह चौहान के अध्यक्ष पद के चुनाव प्रचार के लिए खुद भी डीएसबी परिसर में राजनीति विज्ञान से एमए में दाखिला लिया है। उम्र के छठे दशक में दोबारा कॉलेज पहुंचीं बीना इन दिनों बेटे के समर्थन में छात्र-छात्राओं से संपर्क कर रही हैं।
बीना चौहान हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम के नवाबी रोड क्षेत्र से पार्षद हैं। बेटे भानु के छात्रसंघ चुनाव में उतरने के बाद उन्होंने भी परिसर में सक्रियता बढ़ा दी। वह चुनाव प्रचार में बेटे के साथ जुटी हैं और छात्र-छात्राओं से संवाद कर रही हैं।
बीना का पढ़ाई से पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने वर्ष 2001 में विवाह किया था। इसके 13 साल बाद वर्ष 2014 में एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी से शिक्षा विषय में एमए की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वर्ष 2025 में उन्होंने एलएलबी भी किया। अब करीब 12 साल बाद उन्होंने एक बार फिर एमए में दाखिला लिया है। इस बार उन्होंने डीएसबी परिसर में राजनीति विज्ञान विषय चुना है।
बीना चौहान का कहना है कि पढ़ाई के प्रति उनका लगाव आज भी बना हुआ है। बेटे के चुनाव प्रचार के साथ वह अपनी एमए की पढ़ाई भी पूरी करेंगी। उनका कहना है कि चुनाव के बाद भी पढ़ाई जारी रखने का इरादा है।
29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव में उनके बेटे भानु प्रताप सिंह चौहान अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हैं। भानु पहले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से टिकट के दावेदार थे, लेकिन नैनीताल का मूल निवासी नहीं होने के कारण उन्हें टिकट नहीं मिल सका। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला किया। उनके चुनाव प्रचार में काले झंडे को प्रमुख पहचान बनाया गया है।
बीना चौहान का बड़ा बेटा राज चौहान हल्द्वानी में यूट्यूबर है, जबकि उनके पति वाहन और ठेकेदारी के व्यवसाय से जुड़े हैं।
डीएसबी परिसर के छात्रसंघ चुनाव में बीना चौहान की यह भूमिका चर्चा में है। एक ओर उनका बेटा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर वह खुद परिसर में छात्रा के रूप में पढ़ाई करने के साथ उसके प्रचार में भी सक्रिय हैं।



