हल्द्वानी। एमबीपीजी महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव और मतगणना को लेकर पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 29 सितंबर को सुबह छह बजे से मतगणना समाप्त होने तक डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। इस दौरान नैनीताल रोड पर छोटे-बड़े माल वाहनों समेत कुछ अन्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। पर्वतीय क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा।
मतगणना के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अलग-अलग रूट निर्धारित किए हैं। वहीं, चुनाव और मतगणना ड्यूटी में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों और पत्रकारों के वाहनों के लिए एमबी इंटर कॉलेज मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इस तरह रहेगा यातायात डायवर्जन
नैनीताल रोड: छोटे-बड़े माल वाहनों और अति आवश्यक सेवाओं से संबंधित वाहनों का प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं होगा। इन्हें बाईपास मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्र: इस मार्ग से आने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड होते हुए नारिमन तिराहा पहुंचेंगे।
रामपुर रोड से पर्वतीय क्षेत्र: वाहन गन्ना सेंटर तिराहा से बरेली रोड, तीनपानी फ्लाईओवर और गौलापार रोड होते हुए नारिमन तिराहा जाएंगे।
रामपुर रोड से कालाढूंगी रोड: इस ओर जाने वाले वाहन पंचायतघर तिराहा से आरटीओ रोड होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
पर्वतीय क्षेत्र से मैदानी क्षेत्र: इस दिशा में जाने वाले वाहन नारिमन तिराहा से गौलापार रोड होते हुए आगे जाएंगे।
पर्वतीय क्षेत्र से हल्द्वानी आने वाली रोडवेज और केमू बसें: बसें नारिमन तिराहा से गौलापार रोड, इंद्रानगर गेट/शनि बाजार रोड, मंडी और सिंधी चौराहा होते हुए रोडवेज और केमू स्टेशन पहुंचेंगी।
हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्र जाने वाली रोडवेज और केमू बसें: बसें रोडवेज के पूर्वी गेट से ताज चौराहा, गौलापुल, गौलापार रोड और नारिमन तिराहा होते हुए पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाएंगी।
काठगोदाम से हल्द्वानी आने का रूट
काठगोदाम से हल्द्वानी आने वाले वाहन कालटैक्स/हाइडिल तिराहा से पनचक्की तिराहा, चंबल पुल और लालडांठ तिराहा/ऊंचापुल चौराहा होते हुए आगे जाएंगे। वहीं, आवास विकास तिराहा से ठंडी सड़क और तिकोनिया चौराहा होते हुए वाहन अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
हल्द्वानी से काठगोदाम जाने का रूट
हल्द्वानी से काठगोदाम जाने वाले वाहनों को तिकोनिया चौराहा से कैनाल रोड, कुल्यालपुरा चौराहा, पानी की टंकी और पनचक्की चौराहा होते हुए भेजा जाएगा।
इन स्थानों पर रहेगा जीरो जोन
मतगणना के दौरान निम्नलिखित स्थानों पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
दुर्गा सिटी सेंटर तिराहा से महारानी होटल तिराहा तक।
कुल्यालपुरा चौराहा से सरस्वती रेस्टोरेंट तिराहा तक।
कलावती चौराहा से कुल्यालपुरा चौराहा तक।
एमबी इंटर कॉलेज मैदान में होगी पार्किंग
चुनाव और मतगणना ड्यूटी में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों और पत्रकारों के वाहनों को एमबी इंटर कॉलेज मैदान में पार्क कराया जाएगा।
पुलिस की ओर से जारी यह यातायात व्यवस्था 29 सितंबर को सुबह छह बजे से मतगणना समाप्त होने तक लागू रहेगी। ऐसे में इस दौरान हल्द्वानी से गुजरने वाले वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।



