हल्द्वानी:: उत्तराखंड के महाविद्यालयों में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान हो चुका है। नैनीताल, हल्द्वानी और रुद्र्पुर समेत कई शहरों के कॉलेजों में सुबह से ही चुनाव को लेकर गहमागहमी बनी हुई है। इस बीच हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद परिसर में हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
एमबीपीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के बीच हुई कहासुनी के बाद झड़प की स्थिति बन गई। मारपीट की सूचना पर पुलिस तत्काल कॉलेज पहुंची। एसपी क्राइम और एसपी सिटी ने भी मौके पर पहुंचकर प्रत्याशियों को कड़ी फटकार लगाई और चुनावी नियमों का पालन करने की हिदायत दी। कॉलेज के बाहर अनावश्यक रूप से जुटी भीड़ को भी पुलिस ने वहां से हटाया।
कॉलेज में पहले से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतदान के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीमें प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। पुलिस की प्राथमिकता मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है। किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात है।
कुमाऊं के सबसे बड़े एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए करीब 12,800 छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। कॉलेज में अध्यक्ष समेत 11 पदों के लिए सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान निर्धारित है।
अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के धीरज बिष्ट, एनएसयूआई के मेहुल शाह और निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। तीनों प्रत्याशियों के समर्थक मतदान के दौरान सक्रिय हैं। चुनाव में अन्य पदों पर भी प्रत्याशी मैदान में हैं।



