हल्द्वानी: मुखानी क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी कारोबारी पर पूर्व सैनिक की पत्नी को बहन बनाकर विश्वास में लेने और फिर उनकी करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने का आरोप लगा है। पीड़िता भागीरथी जोशी की शिकायत पर मुखानी पुलिस ने फतेहपुर नील पोखरा नंबर-2 निवासी भुवन चंद्र जोशी उर्फ कन्नू जोशी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। महिला ने आरोपी पर उनकी करीब 2.58 करोड़ रुपये की संपत्ति बेचने और उनके नाम पर 1.70 करोड़ रुपये का बैंक लोन दर्शाने का आरोप लगाया है।
पीड़िता भागीरथी जोशी के अनुसार, फरवरी 2024 में उनकी मुलाकात भुवन चंद्र जोशी से हुई थी। आरोप है कि उसने खुद को शराब कारोबारी बताते हुए प्रॉपर्टी का कारोबार बढ़ाने की बात कही और उन्हें बहन बना लिया। इसके बाद आरोपी ने उनसे जमीन के दस्तावेज तीन महीने के लिए मांगे। बदले में हर महीने 1.50 लाख रुपये देने का भरोसा दिया था।
महिला का कहना है कि आरोपी पर भरोसा करके उन्होंने संपत्ति से जुड़े दस्तावेज उसे सौंप दिए। आरोप है कि इसके बाद बैंक से लोन दिलाने के नाम पर उनसे कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए। आरोपी ने संपत्ति जल्द ही बंधक मुक्त कराने का आश्वासन भी दिया था।
भागीरथी जोशी का आरोप है कि आरोपी ने उनकी करीब 2.58 करोड़ रुपये की संपत्ति बेच दी। इसके अलावा उनके नाम पर करीब 1.70 करोड़ रुपये का बैंक लोन भी दर्शा दिया गया। पीड़िता ने इस पूरे मामले में बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की है।
महिला की तहरीर के आधार पर मुखानी पुलिस ने 29 सितंबर की रात आरोपी भुवन चंद्र जोशी उर्फ कन्नू जोशी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि आरोपी को नोटिस भेजने की प्रक्रिया चल रही है। मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



