देहरादून: उत्तराखंड को नया राज्यपाल मिल गया है। मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन को राज्य का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 12 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से उनकी नियुक्ति की घोषणा की। वह वर्तमान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह का स्थान लेंगे। नियुक्ति प्रभावी होने की तारीख उनके पदभार ग्रहण करने के साथ तय होगी।
डॉ. बिसेन मध्य प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वह विधायक, कैबिनेट मंत्री और सांसद के रूप में जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उनकी नियुक्ति के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से उत्तराखंड के विकास को नई दिशा मिलेगी।
डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया गांव में हुआ था। वह किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। पेशे से आयुर्वेद एवं होम्योपैथी के चिकित्सक रहे डॉ. बिसेन ने बाद में राजनीति में कदम रखा और मध्य प्रदेश में अपनी राजनीतिक पहचान बनाई।
उन्होंने वर्ष 1990 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीता। इसके बाद 1993, 1998 और 2003 में भी विधायक निर्वाचित हुए। इस तरह उन्होंने चार बार विधानसभा में प्रतिनिधित्व किया।
डॉ. बिसेन ने वर्ष 2003 से 2005 तक मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया। इसके अलावा, वर्ष 2011 से 2013 तक मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली।
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बालाघाट सीट से जीत दर्ज की और संसद पहुंचे। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उनकी जगह दूसरे प्रत्याशी को टिकट दिया था।
डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. बिसेन का लंबा राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण और सार्वजनिक जीवन में योगदान प्रेरणादायी है। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता के रूप में जनहित तथा समाजसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सीएम धामी ने विश्वास जताया कि डॉ. बिसेन के अनुभव और मार्गदर्शन से उत्तराखंड के विकास को नई दिशा मिलेगी और राज्य की विकास यात्रा को गति प्राप्त होगी।
राष्ट्रपति भवन की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डॉ. ढाल सिंह बिसेन की नियुक्ति उनके संबंधित पद का कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी। ऐसे में अब उनके उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में पदभार ग्रहण करने की औपचारिकता बाकी है।



