हल्द्वानी। हल्द्वानी के तीनपानी फ्लाईओवर के पास शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। कार में चार लोग सवार बताए जा रहे थे और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3:25 बजे फोर्ड फिगो कार संख्या UK 02 A 2544 गोलापुल की ओर से लालकुआं जा रही थी। इसी दौरान तीनपानी फ्लाईओवर के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी खुद घटनास्थल पर पहुंचे और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से हादसे के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए। इसके बाद एसएसपी अस्पताल पहुंचे और दुर्घटना में घायल लोगों का हालचाल जाना। उन्होंने घायलों के उपचार के संबंध में भी जानकारी ली।
नैनीताल पुलिस हादसे के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। एसएसपी ने वाहन चालकों से अपील की कि सड़क पर वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों की अनदेखी न करें। तेज रफ्तार में वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। इसलिए खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।



