देहरादून: मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू से जुड़े मामले में विशेष जांच टीम (SIT) ने जांच तेज कर दी है। बृहस्पतिवार को ऑडियो को न्यायालय के माध्यम से फॉरेंसिक लैब भेजे जाने की संभावना है। इसके लिए जरूरी दस्तावेजी कार्रवाई पूरी कर ली गई है। वहीं, पुलिस गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के लिए साक्ष्य जुटा रही है। इस बीच उनके नेपाल भागने की आशंका भी जताई जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि साहू शादी के बाद से ही उन्हें प्रताड़ित करते आ रहे थे। इसके अलावा उनके साथ धोखाधड़ी किए जाने के भी आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत के मुताबिक, कंपनी के दस्तावेजों में कथित तौर पर जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रेखा आर्या का नाम कंपनी के निदेशक पद से हटा दिया गया। आरोप है कि इसका विरोध करने पर उन्हें जातिसूचक शब्द कहकर प्रताड़ित किया गया और मारपीट की कोशिश भी की गई।
मामले की जांच के लिए पुलिस ने एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय एसआईटी गठित की थी। एसआईटी इस मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है।
जानकारी के मुताबिक, एसआईटी ने तीन दिन पहले मंत्री रेखा आर्या के बयान दर्ज किए थे। बताया जा रहा है कि बयान के दौरान मंत्री ने टीम को कुछ अन्य जानकारियां भी दीं। साथ ही कथित जाली दस्तावेज किन स्थानों से बरामद हो सकते हैं, इसकी जानकारी भी एसआईटी को दी गई है। इसके आधार पर जांच टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है।
फिलहाल पुलिस को गिरधारी लाल साहू का पता नहीं चल सका है। इसी बीच उनके उत्तर प्रदेश के रास्ते नेपाल भागने की खबरें सामने आई हैं। हालांकि, उनके नेपाल पहुंचने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अब एसआईटी की जांच में ऑडियो की फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों की अहम भूमिका रहने की संभावना है। पुलिस की कार्रवाई के बीच यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि गिरधारी लाल साहू का पता कब चलता है और मामले की जांच आगे क्या दिशा लेती है।



