PHOTO- SOCIAL MEDIA
हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक होटल के कमरे में 32 वर्षीय शादीशुदा युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अपनी महिला मित्र के साथ होटल में रुका हुआ था। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस के मुताबिक, युवक मंगलवार रात महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। होटल स्टाफ ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को डॉक्टर के पास ले गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि युवक ने तबीयत बिगड़ने से पहले शक्ति वर्धक गोली ली थी। हालांकि, गोली और मौत के बीच किसी संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है और बिसरा सुरक्षित रखा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जानकारी के मुताबिक, युवक शादीशुदा था और उसके तीन बच्चे हैं। महिला मित्र भी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। महिला मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली बताई जा रही है। दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे और महिला अक्सर युवक से मिलने हल्द्वानी आती थी। घटना से दो दिन पहले भी वह हल्द्वानी पहुंची थी।
इस मेल-जोल को लेकर युवक के परिवार में पहले से विवाद होने की बात भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस इस पहलू समेत मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी मिल सके। एसपी सिटी हरबंस सिंह के मुताबिक, मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और बिसरा सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर ही युवक की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



