देहरादून: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके शासकीय आवास पर मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात को आत्मीय भेंट बताते हुए कहा कि इस दौरान उत्तराखंड की नई फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और राज्य को देश के प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री धामी के अनुसार, उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अनुकूल फिल्म नीति के चलते प्रदेश फिल्म निर्माताओं की पसंदीदा शूटिंग लोकेशन के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इसके साथ ही प्रदेश में फिल्म निर्माण से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
उत्तराखंड के प्राकृतिक नजारे, पहाड़, घाटियां और सांस्कृतिक विविधता फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहे हैं। राज्य की फिल्म नीति के माध्यम से प्रदेश में शूटिंग और फिल्म निर्माण की संभावनाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
अक्षय कुमार के साथ हुई मुलाकात में फिल्म नीति और प्रदेश की फिल्म निर्माण संबंधी संभावनाओं पर चर्चा को इसी दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, मुलाकात के दौरान किसी विशेष फिल्म की शूटिंग या नए प्रोजेक्ट की घोषणा की जानकारी सामने नहीं आई है।



