फोटो : साेशल मीड़िया
हल्द्वानी: शहर में एक किशोर के यौन शोषण और उसका वीडियो रिकॉर्ड कर इंटरनेट पर अपलोड किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में आरोपी भी नाबालिग है और पीड़ित का पड़ोसी बताया जा रहा है। साइबर टिपलाइन पर मिली शिकायत के आधार पर पुलिस ने 26 अक्तूबर को पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि साइबर टिपलाइन पर प्राप्त शिकायतों की जांच के दौरान यह मामला सामने आया। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में रहने वाले एक किशोर पर आरोप है कि उसने पहले इंटरनेट से अश्लील सामग्री डाउनलोड की। इसके बाद उसने अपने पड़ोसी किशोर का यौन शोषण कर वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे इंटरनेट पर अपलोड कर दिया।
पुलिस ने संदिग्ध की पहचान करने के बाद उसके घर की तलाशी ली। इस दौरान दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट, एक लैपटॉप और मोबाइल का एक खाली बॉक्स बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए मोबाइल फोन में बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के साथ अन्य अश्लील सामग्री तथा डाउनलोड हिस्ट्री भी मिली है।
पुलिस अब जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों की जांच के जरिए मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और ऑनलाइन गतिविधियों की पड़ताल कर रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी घर पर अधिक समय अकेले बिताता था और परिवार की जानकारी के बिना इंटरनेट का इस्तेमाल करता था। मामले में पीड़ित किशोर और उसके परिजनों की काउंसलिंग भी कराई गई है।
फिलहाल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। चूंकि मामला नाबालिगों से जुड़ा है, इसलिए पीड़ित की पहचान और उससे संबंधित निजी जानकारी गोपनीय रखना जरूरी है।



