नैनीताल: उत्तराखंड हाईकोर्ट को नए मुख्य न्यायाधीश मिलने का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने पटना हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सुधीर सिंह को उत्तराखंड हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। हालांकि, नियुक्ति प्रभावी होने के लिए केंद्र सरकार की मंजूरी और राष्ट्रपति की ओर से औपचारिक अधिसूचना जारी होना बाकी है।
हाल ही में उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता के सेवानिवृत्त होने के बाद वरिष्ठ न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। अब कॉलेजियम की सिफारिश के बाद स्थायी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
जस्टिस सुधीर सिंह को 15 अप्रैल 2015 को पटना हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। इसके बाद 20 अप्रैल 2016 को उन्होंने स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।
उन्होंने रांची के विकास विद्यालय से स्कूली शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद पटना विश्वविद्यालय के पटना कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक किया और पटना लॉ कॉलेज से एलएलबी की डिग्री हासिल की।
जस्टिस सुधीर सिंह ने वर्ष 1991 में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया था। उन्होंने पटना हाईकोर्ट में केंद्र सरकार के वकील, रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड के अधिवक्ता तथा भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा विभाग के अतिरिक्त स्थायी वकील के रूप में काम किया। वह भारत के सहायक सॉलिसिटर जनरल के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।
उन्होंने मुख्य रूप से आपराधिक और रिट मामलों में पैरवी की है। उनका परिवार भी लंबे समय से कानून के क्षेत्र से जुड़ा रहा है। उनके परदादा नंद किशोर प्रसाद सिंह छपरा जिला न्यायालय में अधिवक्ता थे, जबकि उनके दादा बलदेव प्रसाद सिंह पटना हाईकोर्ट में वकालत करते थे और लंबे समय तक बैरिस्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे।
जस्टिस सुधीर सिंह के पिता न्यायमूर्ति एनपी सिंह सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश रह चुके हैं। वह कावेरी जल विवाद न्यायाधिकरण के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने अन्य हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति को लेकर भी सिफारिशें की हैं। इनमें गुजरात हाईकोर्ट के जस्टिस एमआर पाठक को गुजरात हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने, तेलंगाना हाईकोर्ट के जस्टिस पीएस कोषय को दिल्ली हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए जाने और कलकत्ता हाईकोर्ट के जस्टिस टी. चक्रवर्ती को तेलंगाना हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश शामिल है।
अब उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में जस्टिस सुधीर सिंह की नियुक्ति को लेकर केंद्र सरकार की मंजूरी और राष्ट्रपति की अधिसूचना का इंतजार है।



