देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बदला हुआ रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, इन जिलों के साथ चमोली में भी कहीं-कहीं गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
राज्य के शेष जिलों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दो नवंबर तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने शुक्रवार को जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। निर्देश दिए गए कि खराब मौसम या किसी संभावित खतरे की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए। साथ ही संबंधित अधिकारी यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखें और परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक निर्णय लें।
सचिव ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम की चेतावनी के दौरान पर्यटकों की आवाजाही को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए राहत और बचाव दलों को तैयार रखा जाए।
उन्होंने आमजन से मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की। साथ ही नदी-नालों, जलधाराओं और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास विशेष सावधानी बरतने को कहा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से बातचीत कर आम जनता की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी सुरक्षात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
किसी भी आपात स्थिति या आपदा संबंधी घटना की सूचना राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1070 पर दी जा सकती है।
बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा, मोहित माथुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



