चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। बदरीनाथ से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर बदरीनाथ और ज्योतिर्मठ के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। सभी यात्री बेंगलुरु के बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और सेना की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुट गईं।
जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से देहरादून के लिए रवाना हुआ था। उसे देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड पर उतरना था। इसी दौरान ज्योतिर्मठ क्षेत्र के चाई गांव के निकट हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। हेलीकॉप्टर के चट्टान पर गिरने की आशंका जताई गई है।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि पायलट से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल के लिए टीम रवाना कर दी गई है। एहतियात के तौर पर मैसर्स ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट साझा कर हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रख रहे हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यात्रियों के सकुशल होने की कामना की है।
हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार उनके नाम इस प्रकार हैं:
- कैप्टन हिमांशु (पायलट)
- प्रथापा
- अरुण
- शंकर गौड़ा
- सुधीर के
- एसएस नटराजा
सभी यात्री बेंगलुरु के बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को खराब मौसम के बावजूद बदरीनाथ के लिए हेलीकॉप्टर उड़ानें जारी थीं। दोपहर 1 बजकर 5 मिनट पर एक हेलीकॉप्टर ने बदरीनाथ से देहरादून के लिए उड़ान भरी और सुरक्षित पहुंच गया।
इसके बाद दोपहर 1 बजकर 12 मिनट पर दूसरे हेलीकॉप्टर ने देहरादून के लिए उड़ान भरी, लेकिन उसका संपर्क टूट गया। दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर एक अन्य हेलीकॉप्टर ने भी बदरीनाथ से उड़ान भरी और वह सुरक्षित देहरादून पहुंच गया।
बाद में पता चला कि 1 बजकर 12 मिनट पर उड़ान भरने वाला हेलीकॉप्टर लापता है। इसके बावजूद दोपहर 2 बजकर 10 मिनट, 2 बजकर 15 मिनट और 2 बजकर 22 मिनट पर भी उड़ानें भरी गईं। जानकारी के अनुसार, दिनभर में करीब 12 चार्टर हेलीकॉप्टरों ने उड़ान भरी थी।
फिलहाल दुर्घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है। हादसे के कारणों और हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।



