नैनीताल: लंबे इंतजार के बाद नैनीताल की लोअर मॉलरोड पर सोमवार से आवागमन शुरू हो गया। सड़क पर स्थायी ट्रीटमेंट का काम पूरा होने के बाद मार्ग को आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, स्थानीय विधायक सरिता आर्या, जिला प्रभारी विवेक सक्सेना, जिला महामंत्री रंजन बर्गली, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
गौरतलब है कि सितंबर 2025 में लोअर मॉलरोड के एक हिस्से में धंसाव होने के कारण इस मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो गई थी। सड़क को मजबूती देने और क्षतिग्रस्त हिस्से का स्थायी उपचार करने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से तकनीकी कार्य कराए गए।
इसमें माइक्रोपाइलिंग, एसडीआरए तकनीक से ट्रीटमेंट और कंक्रीट स्लैब निर्माण जैसे कार्य शामिल रहे। परियोजना पर करीब 4.80 करोड़ रुपये की लागत आई है।
लोअर मॉलरोड नैनीताल की यातायात व्यवस्था के साथ ही स्थानीय नागरिकों की आवाजाही और पर्यटन गतिविधियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मार्ग है। लंबे समय तक मार्ग प्रभावित रहने से स्थानीय लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। अब मार्ग पर आवागमन शुरू होने से इन सभी को राहत मिलने की उम्मीद है।



