नैनीताल: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की तैयारियां शुरू हो गई हैं। स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में मैराथन दौड़, शहीदों को श्रद्धांजलि, नौकायन प्रतियोगिता और हिमालय फूड फेस्टिवल सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हल्द्वानी में भी मैराथन दौड़ का आयोजन होगा। मंगलवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों और कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए कि राज्य स्थापना दिवस पर जनपद के प्रमुख राजकीय भवनों को एलईडी बल्ब से रोशन किया जाए। कुमाऊं मंडल विकास निगम भी अपने कार्यालयों और पर्यटक आवास गृहों को रोशनी से सजाएगा।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला क्रीड़ा अधिकारी को आपसी समन्वय से मैराथन दौड़ आयोजित कराने के निर्देश दिए। नैनीताल में मैराथन डीएसए मैदान मल्लीताल से शुरू होकर निर्धारित मार्ग से होते हुए वापस डीएसए मैदान में समाप्त होगी। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ एनसीसी और एनएसएस कैडेट भी हिस्सा लेंगे। दौड़ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को पुरस्कार दिए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मेडिकल सुविधाओं से लैस दो एंबुलेंस की व्यवस्था करने और पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए गए।
इसी तरह हल्द्वानी में गौलापार स्टेडियम से मैराथन दौड़ शुरू होगी और निर्धारित मार्ग से होते हुए वापस स्टेडियम में समाप्त होगी। यहां भी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी और एनएसएस कैडेट शामिल होंगे। विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
राज्य स्थापना दिवस पर सुबह 9 बजे तल्लीताल स्थित राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय प्रताप सिंह शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसमें अधिकारी-कर्मचारी और शहर के गणमान्य लोग शामिल होंगे। जिलाधिकारी ने नगर पालिका को शहीद स्मारक की साफ-सफाई, रंग-रोगन और फूलमालाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सुबह 10 बजे डीएसए मैदान नैनीताल में मुख्य समारोह आयोजित होगा। दोपहर 12 बजे नैनी झील में नौकायन प्रतियोगिता शुरू होगी, जबकि दोपहर 1 बजे से डीएसए मैदान में हिमालय फूड फेस्टिवल लगाया जाएगा। इसमें पहाड़ के पारंपरिक और स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका, एसडीएम नैनीताल और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को समन्वय बनाकर स्टॉल, मंच, साउंड सिस्टम और लाइटिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। नगर में विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ नौकायन, सेलिंग, रिंगाटा, दीपदान और अन्य व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।
इसके अलावा जल संस्थान को जलापूर्ति, जिला पूर्ति अधिकारी को मुख्य अतिथि और गणमान्य व्यक्तियों के जलपान तथा उद्यान अधिकारी को अतिथि सत्कार की जिम्मेदारी दी गई है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी को हिमालय फूड फेस्टिवल और टेंट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग मुख्य मंच और स्टॉलों में बिजली कनेक्शन की व्यवस्था करेगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी, संस्कृति विभाग और सूचना विभाग को आपसी समन्वय से उद्घोषक, बैंड प्रस्तुति, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकियां और छोलिया नृत्य सहित अन्य प्रस्तुतियां आयोजित कराने को कहा गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ अस्वाल, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार पंत, एसडीएम अनुराग आर्या, एसडीएम रेखा कोहली, जिला पर्यटन अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, सीओ नैनीताल सहित विद्युत, स्वास्थ्य, उद्यान और नगर पालिका के अधिकारी मौजूद रहे।



