Oplus_16908288
नैनीताल में नयना पीक की पहाड़ी पर लापता हुए छात्र अर्नव सिंह की तलाश लगातार जारी है। दस दिन बीतने के बाद भी पुलिस और रेस्क्यू टीमों को छात्र के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।
शनिवार देर रात नारायण नगर क्षेत्र के कुछ लोगों ने कैमल्स बैक पहाड़ी पर सफेद रंग की एक चीज चमकती हुई देखी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। अर्नव के सफेद स्वेटर पहनने की जानकारी सामने आने के बाद रविवार सुबह संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं।
पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमों ने पहाड़ी के आसपास के इलाकों में तलाश की। दुर्गम स्थानों को खंगालने के लिए ड्रोन का सहारा भी लिया गया। हालांकि, घंटों चले अभियान के बावजूद टीमों को कोई संदिग्ध वस्तु या छात्र से जुड़ा सुराग नहीं मिला।
बता दें कि छह नवंबर को अर्नव अपने चार दोस्तों के साथ नयना पीक की ट्रेकिंग पर गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया। छात्र की तलाश में नयना पीक के जंगलों से लेकर कैमल्स बैक, नारायण नगर, गैरिखेत और पंगोट तक सर्च अभियान चलाया जा चुका है।
वहीं, पुलिस ने ट्रेकिंग रूट के अलावा शहर के प्रमुख चौराहों और प्रवेश मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची है। इसके बावजूद छात्र के बारे में कोई महत्वपूर्ण जानकारी सामने नहीं आई है।
एसपी डॉ. जगदीश चंद्र के मुताबिक, अर्नव की तलाश के लिए पुलिस और अन्य टीमें लगातार जुटी हुई हैं। साथ ही घटना से जुड़े तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।



