Oplus_16908288
नैनीताल की नैना पीक पर ट्रैकिंग करने जाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है। दिसंबर से नैना पीक तक पहुंचने वाले तीनों रास्तों पर टिकट काउंटर बनाए जाएंगे। इसके जरिए यहां जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा, ताकि किसी के लापता होने या समय पर वापस नहीं लौटने की स्थिति में उसकी जानकारी जुटाने में मदद मिल सके।
नैना पीक से बिहार निवासी 19 वर्षीय छात्र अर्नव सिंह के लापता होने के बाद इस क्षेत्र में सुरक्षा इंतजामों को लेकर चर्चा तेज हुई थी। अर्नव 6 नवंबर को अपने तीन दोस्तों के साथ नैना पीक घूमने और ट्रैकिंग के लिए गया था। वापसी के दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। इसके बाद वन विभाग ने यहां आने-जाने वाले लोगों की निगरानी व्यवस्था को बेहतर बनाने का फैसला लिया है।
फिलहाल नैना पीक जाने के लिए टांकी बैंड मार्ग पर ही टिकट लेकर प्रवेश करने की व्यवस्था है। जबकि पॉलीटेक्निक और सत्यनारायण मंदिर की ओर से भी लोग नैना पीक पहुंचते हैं। इन दोनों रास्तों से आने-जाने वालों का रिकॉर्ड विभाग के पास उपलब्ध नहीं हो पाता। अब तीनों मार्गों पर टिकट काउंटर बनाए जाने से हर रास्ते से जाने वाले लोगों की जानकारी दर्ज की जा सकेगी।
समुद्र तल से करीब 2,611 मीटर की ऊंचाई पर स्थित नैना पीक तक पहुंचने के लिए लगभग साढ़े तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। वन विभाग के अनुसार, कई पर्यटक देर शाम और रात के समय भी ट्रैकिंग के लिए निकल जाते हैं। अंधेरा होने पर रास्ते में फिसलने और गिरने से हादसों का खतरा बना रहता है। इसी को देखते हुए शाम 3:30 बजे के बाद ट्रैकिंग के लिए प्रवेश बंद करने का निर्णय लिया गया है।
वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की ने बताया कि टांकी बैंड के अलावा सत्यनारायण मंदिर के पास गेट बनाया जा चुका है। दिसंबर से इस रास्ते पर भी एंट्री व्यवस्था शुरू हो जाएगी। वहीं कैमल्स बैक की ओर भी टिकट काउंटर बनाया जाएगा।
वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अप्रैल से अक्टूबर तक 34,828 लोग नैना पीक पहुंचे हैं। इनमें 58 विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं। तीनों रास्तों पर टिकट काउंटर शुरू होने के बाद विभाग के पास यहां पहुंचने वाले लोगों की संख्या और आवाजाही का रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा।



