चंपावत के भैरवा गांव में जमीन विवाद के कारण रिश्तों में खटास इस कदर बढ़ गई कि भतीजे ने अपने ही चाचा पर गोली चला दी। इस घटना में चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
भैरवा गांव के दिनेश सिंह और उनके भतीजे महेंद्र सिंह तड़ागी के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार की दोपहर, दोनों के बीच फिर से बहस हुई, जो बढ़ते-बढ़ते हिंसक हो गई। गुस्से में आकर महेंद्र सिंह तड़ागी उर्फ मुन्ना तड़ागी ने रिवाल्वर निकालकर दिनेश सिंह पर फायर कर दिया। गोली दिनेश सिंह के कूल्हे में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने घायल दिनेश सिंह को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
चंपावत पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी महेंद्र सिंह तड़ागी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी आरोपी ने चाचा पर बंदूक से हमला करने की कोशिश की थी, जिसकी शिकायत कोतवाली में दर्ज की गई थी।
दिनेश सिंह के परिजनों का कहना है कि महेंद्र सिंह द्वारा किए गए इस हमले की वजह से परिवार दहशत में है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।