नैनीताल: मां नन्दा-सुनन्दा के डोले के नगर भ्रमण के दौरान बुधवार को नैनीताल में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मां के डोले की एक झलक पाने के लिए नगर के विभिन्न मार्गों पर हजारों श्रद्धालु जमा रहे। जिस रास्ते से डोला गुजर रहा था, वहां सड़क के दोनों ओर श्रद्धालु मां नन्दा-सुनन्दा के दर्शन के लिए इंतजार करते नजर आए।
डोले में शामिल हजारों श्रद्धालु लगातार मां नन्दा-सुनन्दा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। जयकारों से नैनीताल की वादियां गूंज उठीं और पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे नयना देवी मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मां नन्दा-सुनन्दा का डोला नगर भ्रमण के लिए रवाना हुआ। मंदिर के मुख्य गेट पर डोले पर पुष्पवर्षा की गई। इसके बाद डोला मल्लीताल शारदा संघ होते हुए तल्लीताल की ओर रवाना हुआ।
नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए खड़े रहे। तल्लीताल पहुंचने के बाद डोला वापस मल्लीताल बाजार की ओर लाया जाएगा। इसके बाद देर शाम ठंडी सड़क स्थित गोलू देवता मंदिर के समीप से मां नन्दा-सुनन्दा के डोले का नैनी झील में विसर्जन किया जाएगा।
डोले के नगर भ्रमण के दौरान नैनीताल में हल्की बारिश भी होती रही। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में लोग डोले के साथ चलते रहे।
डोले में पिथौरागढ़ से विशेष रूप से बुलाया गया लखियाभूत, ढोल-दमाऊं, बैंड-बाजे और करतब दिखाने वाले कलाकार आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा छोलिया नृतकों के दल ने भी लोगों का ध्यान खींचा।
नगर भ्रमण में श्रीराम सेवक सभा के पदाधिकारी, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी और कई जनप्रतिनिधि भी शामिल रहे। डोले के साथ सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन की टीम भी तैनात रही।
मां नन्दा-सुनन्दा के डोले के नगर भ्रमण को लेकर पूरे नैनीताल में उत्सव और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। हजारों श्रद्धालु मां के दर्शन और आशीर्वाद के लिए नगर भ्रमण में शामिल हुए।



