नैनीताल की खूबसूरत वादियों में आने वाले सैलानियों और स्थानीय लोगों के लिए एक नई व्यवस्था लागू होने जा रही है। नगर पालिका ने अपनी आय बढ़ाने और शहर को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से कुछ अहम फैसले लिए हैं।
आज पालिका सभागार में पालिकाध्यक्ष सरस्वती खेतवाल की अध्यक्षता में एक विशेष बोर्ड बैठक हुई, जिसमें लेक ब्रिज टोल टैक्स, पार्किंग शुल्क और पालिका आवासों के किराए को लेकर चर्चा हुई। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास किए गए।
अधिशासी अधिकारी रोहित गोस्वामी ने जानकारी दी कि पालिका अब लेक ब्रिज टोल टैक्स और सभी पार्किंगों का संचालन खुद करेगी। इसके साथ ही, बाहरी वाहनों से टोल शुल्क बढ़ाकर 300 रुपये कर दिया गया है, जबकि स्थानीय वाहनों से 200 रुपये लिए जाएंगे।
बाहरी मोटरसाइकिल सवारों को 100 रुपये एंट्री फीस चुकानी होगी।
इसके अलावा, पहले जो पार्किंग शुल्क 250 रुपये था, अब उसे बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है।
नगर पालिका का कहना है कि ये सभी कदम शहर की आय को बढ़ाने, सुविधाएं बेहतर करने और स्थायी विकास की दिशा में उठाए जा रहे हैं। यह योजना जहां एक तरफ नगर को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएगी, वहीं पर्यटकों को भी बेहतर व्यवस्था और सुविधाएं मिलेंगी।
