उत्तराखंड जनता टाइम्स
मई के तपते मौसम के बाद जून की शुरुआत में मौसम ने राहत दी है। बीते कुछ दिनों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दून में बुधवार को हुई बारिश का असर गुरुवार को भी देखने को मिला, जब अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 33.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
शुक्रवार सुबह मौसम साफ रहा और धूप ने हल्की तपिश दी, लेकिन शाम होते-होते हवाओं और हल्की बूंदाबांदी से मौसम फिर से सुहाना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार जलवायु परिवर्तन और प्री-मानसून बारिश के कारण यह ठंडक बनी हुई है।
आज का अनुमान::
दून में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री तक रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से प्रदेश भर में मौसम साफ रहेगा। मैदानों में तेज धूप के कारण गर्मी एक बार फिर अपने तेवर दिखाएगी। हालांकि उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ क्षेत्रों में आज हल्की बारिश की संभावना है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। 7 जून से 10 जून तक पूरे उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहेगा। 11 जून को फिर से मौसम के बदलने के संकेत हैं।