
देहरादून: देहरादून के परेड मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया और छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
घोषणाएं
जिन विद्यालयों में मिड-डे मील योजना के अंतर्गत गैस सिलेंडर और चूल्हा उपलब्ध नहीं हैं, वहां सरकार दो गैस सिलेंडर और एक चूल्हा उपलब्ध कराएगी।
पेयजल संकट वाले विधानसभा क्षेत्रों में 10-10 हैंडपंप लगाए जाएंगे।
ग्राम चौकीदार और ग्राम प्रहरी के मानदेय में ₹1,000 की वृद्धि होगी।
सैनिक कल्याण विभाग के अंतर्गत कार्यरत ब्लॉक प्रतिनिधियों के मानदेय में ₹2,000 की वृद्धि की जाएगी।
राज्य में दूरस्थ और रोजगारमूलक उच्च शिक्षा के विकास व प्रचार-प्रसार के लिए जनपद स्तर पर विशेष शैक्षणिक केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिनका संचालन उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय करेगा।
गंगोत्री ग्लेशियर समेत प्रदेश के अन्य हिमालयी ग्लेशियरों और उनके आसपास के क्षेत्रों का नियमित अध्ययन कराया जाएगा तथा राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के लिए चल रही परियोजनाओं, निवेश, पर्यटन, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने आपदाग्रस्त क्षेत्रों में तेजी से पुनर्वास कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया और वीर बलिदानियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।