उत्तराखंड हाईकोर्ट(नैनीताल हाईकोर्ट)
नैनीताल : उत्तराखंड हाईकोर्ट में शुक्रवार 22 अगस्त को नैनीताल जिला पंचायत सदस्यों के कथित अपहरण मामले में स्वतः संज्ञान से दर्ज जनहित याचिका पर सुनवाई हुई। इस दौरान डीजीपी दीपम सेठ, गृह सचिव शैलेश बगौली और डीएम नैनीताल वंदना सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश हुए, जबकि नैनीताल एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित रहे। कोर्ट ने गृह सचिव और डीजीपी से तीखे सवाल करते हुए कहा कि आखिर प्रदेश की कानून-व्यवस्था इतनी कमजोर क्यों हो गई है?
कोर्ट ने चुनाव के दौरान नैनीताल में जिला पंचायत सदस्यों के कथित अपहरण, बेतालघाट में सरेआम फायरिंग, उधम सिंह नगर में हत्या और काशीपुर में 9वीं के छात्र द्वारा शिक्षक पर गोली चलाने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज किस दिशा की ओर जा रहा है? गन कल्चर से हमें बाहर आना होगा।
हाईकोर्ट ने कहा कि अपहरण के वीडियो देखने के बाद साफ है कि जिले की सुरक्षा व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित है। जबकि 2019 में कोर्ट ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए थे, लेकिन उन पर कोई अमल नहीं हुआ।
दो सप्ताह में विस्तृत प्लान तलब
कोर्ट ने डीजीपी और गृह सचिव से कहा कि गन कल्चर को रोकने, निर्वाचित प्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए दो सप्ताह में विस्तृत योजना (SOP) अदालत में पेश करें। अगली सुनवाई 12 सितंबर को होगी।
अवैध हथियारों पर कड़ा रुख
कोर्ट ने डीजीपी से पूछा कि अवैध तमंचों की तस्करी क्यों नहीं रोकी जा रही? केवल आरोपी पकड़ने से समस्या खत्म नहीं होगी। सप्लायर और फैक्ट्री को पकड़ो, तभी हथियारों का धंधा बंद होगा। अगर पुलिस नियमित चेकिंग करती तो 9वीं कक्षा का छात्र तमंचा लेकर शिक्षक पर हमला नहीं करता। उसके पिता पहले से आरोपी हैं, ऐसे में घर की तलाशी क्यों नहीं ली गई कोर्ट ने इस पर विस्तृत SOP मांगा और हर महीने नियमित जांच का निर्देश दिया।
डीजीपी दीपम सेठ ने कोर्ट को बताया कि काशीपुर मामले में आरोपी छात्र और उसके पिता दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह भी स्पष्ट किया कि राज्य में कुल 4415 शस्त्र लाइसेंसधारी हैं। पिछले तीन वर्षों में अवैध हथियारों के खिलाफ 1550 मामले दर्ज हुए, 1700 आरोपियों से 3000 शस्त्र जब्त किए गए और कई लाइसेंस रद्द भी किए गए। सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ वीडियो डालने के 73 मामलों में 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
