हल्द्वानी। नैनीताल जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा निवासी 19 वर्षीय मीनू मौर्या, जो एमबीपीजी कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा और एनसीसी कैडेट थी, की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह मीनू रोजाना की तरह एनसीसी ट्रेनिंग के लिए गई थी और दोपहर में घर लौटी। कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे तेज पेट दर्द, जलन और उल्टियों की शिकायत हुई। परिजन तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। लेकिन थोड़ी ही देर में उसकी हालत और ज्यादा गंभीर हो गई।
घबराए परिजन मीनू को तुरंत सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले गए, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद देर शाम मीनू ने दम तोड़ दिया।
परिजनों का कहना है कि रास्ते में मीनू ने बताया था कि एनसीसी ट्रेनिंग से लौटते वक्त उसने मोमो खाए थे, जिसके बाद से उसे असहज महसूस होने लगा।
कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना से छात्रा के परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
