हल्द्वानी: हल्द्वानी के रामपुर रोड इलाके से रविवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। 55 वर्षीय किसान कुंदन सिंह बोरा की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। गोली इतनी तेज थी कि उनके चेहरे को चीरते हुए घर की छत में जा धंसी।
कुंदन सिंह मूल रूप से पिथौरागढ़ गंगोलीहाट निवासी थे और पिछले पांच दशक से हल्द्वानी में रह रहे थे। घटना सुबह लगभग 11 बजे रामपुर रोड स्थित हरिपुर लालमणि निवास में हुई। परिवार ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनते ही घरवाले मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कुंदन सिंह खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे।
घटना के समय घर में उनकी पत्नी हीरा देवी सहित पूरा परिवार मौजूद था। मृतक के तीन बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा सरकारी सेवा में कार्यरत है।
सूचना मिलने पर टीपीनगर चौकी पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एसपी सिटी प्रकाश चंद्र मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक नाली बंदूक और 12 बोर का खोका बरामद किया। फॉरेंसिक टीम ने अहम साक्ष्य जुटाए।
एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या की वजह पारिवारिक कलह बताई जा रही है।
