हरिद्वार: शहर में देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और सिडकुल पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर पेंटागन मॉल स्थित स्पा सेंटरों पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान गुड एंड हैप्पी स्पा एंड सैलून से पुलिस ने पाँच महिलाओं और दो पुरुषों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। वहीं फ्लूट एंड फ्लाई स्पा एंड सैलून में अनियमितताएं पाए जाने पर संचालिका के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
जांच में सामने आया कि इस धंधे की सरगना आरके पुरम कॉलोनी की रहने वाली एक महिला है, जो लंबे समय से दिल्ली, हरियाणा, यूपी और मुजफ्फरनगर से युवतियों को लाकर स्पा सेंटरों के जरिए देह व्यापार चला रही थी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
