देहरादून: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री बदलने को लेकर फैली अफवाहों पर अब पुलिस ने सख्ती दिखाई है। देहरादून पुलिस ने तीन फेसबुक पेज संचालकों पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कदम भाजपा जिलाध्यक्ष देहरादून, सिद्धार्थ अग्रवाल की शिकायत के बाद उठाया गया।
शासन-प्रशासन का कहना है कि प्रदेश इन दिनों आपदा की मार झेल रहा है और ऐसे वक्त में सीएम परिवर्तन जैसी फर्जी खबरें न केवल राहत व बचाव कार्यों को प्रभावित करती हैं, बल्कि प्रशासनिक कामकाज पर भी बुरा असर डालती हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आई लव माय उत्तराखंड संस्कृति, उत्तराखण्ड वाले और “जनता जन आंदोलन इरिटेड” नामक फेसबुक पेजों से मुख्यमंत्री परिवर्तन की झूठी पोस्ट डाली गई थीं। इसी आधार पर तीनों संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अपुष्ट या भ्रामक खबरें शेयर न करें। साथ ही सोशल मीडिया पेज और पोर्टल संचालकों को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
