traffic light
नैनीताल। नंदादेवी मेला डोला भ्रमण एवं शोभायात्रा 5 सितंबर को आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर शहर में भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष यातायात प्लान जारी किया है। यह प्लान सुबह 10 बजे से यात्रा समाप्ति तक लागू रहेगा।
ट्रैफिक प्लान के अनुसार कालाढूंगी से भवाली कैचीधाम जाने वाले वाहनों को रुसी-1 और रुसी-2 के रास्ते से बैण्ड नंबर-1 की ओर भेजा जाएगा। वहीं भवाली से यूपी, दिल्ली और हरियाणा की ओर जाने वाले वाहनों को भी रुसी-2 और रुसी-1 से डायवर्ट किया जाएगा।
शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। डोला जब मल्लीताल खड़ी बाजार, मोहनको रोड और रिक्शा स्टैंड की ओर बढ़ेगा, उस समय बारापत्थर, मन्नुमहारानी और लोअर मालरोड की ओर से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। इसी तरह अपर माल रोड, भवाली रोड और टोल टैक्स क्षेत्र से आने वाले वाहनों को भी कुछ समय के लिए रोका जाएगा।
हल्द्वानी से आने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर हनुमानगढ़ी पर रोका जाएगा। वहीं, शोभायात्रा के डांट, अपर माल रोड और रिक्शा स्टैंड से गुजरने पर लोअर माल रोड और मोहनको की ओर से आने वाला ट्रैफिक भी अस्थायी रूप से रोका जाएगा।
पार्किंग व्यवस्था के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। नैनीताल में पार्किंग 70 प्रतिशत भर जाने पर वाहनों को नारायण नगर और रुसी-2 में पार्क कराया जाएगा, जहां से यात्रियों को शटल सेवा के माध्यम से शहर तक पहुंचाया जाएगा।
